जांजगीर-चांपा/कोरबा। ट्रेलर चालक से मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को पुलिस ने बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है। घटना बलौदा थाना क्षेत्र के खिसोरा गांव की है।
प्रार्थी दीपक बरेठ निवासी नाका नवलपुर थाना उरगा जिला कोरबा ने 30 अगस्त 2025 को थाना बलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह ड्रायवरी का काम करता है जो ट्रेलर क्रमांक सीजी 12 बीजे 9720 को लेकर कुसमुंडा से कोयला भरकर जयराम नगर जा रहा था। इसके साथ कंपनी की एक अन्य ट्रेलर को शिव प्रकाश पांडे चला रहा था। दोनों सामने-सामने जा रहे थे कि रात्रि करीब 3 बजे ग्राम खिसोरा आमोस फैशन कपड़ा दुकान के पास मेन रोड के पास पहुंच कर अपने ट्रेलर वाहन का टायर चेक करने के लिए रुका।
साथी शिव प्रकाश पांडेय अपने ट्रेलर वाहन क्रमांक सीजी 04 एनएक्स 6794 को कुछ दूर में आगे जाकर खड़ा कर वह भी अपनी गाड़ी में बैठा था। उसी समय पंतोरा की ओर से मोटर सायकल में सवार 3 अज्ञात व्यक्ति आये और प्रार्थी दीपक बरेठ को गाली-गलौज व मारपीट कर मोबाईल का लूट लिये।
विरोध करने पर एक व्यक्ति द्वारा अपने हाथ में रखे चाकू से वार किया जिससे प्रार्थी के दाहिने गाल में चोट लगी तथा तीनों अज्ञात व्यक्ति अपने मोटर सायकल में बलौदा की ओर जाते समय साथी ड्रायवर शिव प्रकाश पांडेय से भी गाली-गलौज कर उसके जेब में रखे 3000 रूपये एवं मोबाईल व ड्रायविंग लाईसेंस को लूटकर बलौदा-बिलासपुर रोड की ओर भाग गये। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 353/2025 धारा 296,115(2), 309(6), 3(5) भा.न्या.सं. पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर सेल और थाना बलौदा पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल इनपुट और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की। इस दौरान आरोपी कलेस्वर लास्कर उर्फ सोनू पिता अशोक लास्कर 21 वर्ष, निवासी हिडाडीह थाना सीपत जिला बिलासपुर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लूट की रकम में से 500 रुपये, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। जबकि अन्य दो आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।







