जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम बारगांव की नहर में 6-7 माह के शिशु का शव पानी में बहता हुआ मिला है। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद शिशु के शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी अस्पताल पामगढ़ के मोर्चरी में रखा गया है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई पामगढ़ पुलिस कर रही है। माना जा रहा है कि शिशु की हत्या कर नहर में बहा दिया गया। फिलहाल मामले में पुलिस जांच जारी है।
पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी ने बताया कि राहगीरों से सूचना मिली कि ग्राम बारगांव की नहर में पानी में बहता हुआ एक शिशु का शव देखा गया है। सूचना पर घटना स्थल पर पुलिस टीम को भेजा गया, जहां नहर के अंदर से नवजात शिशु के शव को बाहर निकाला गया। मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी अस्पताल पामगढ़ की मोर्चरी में रखा गया है।
नवजात शिशु का जो शव मिला है, वह 1 से 2 दिन पुराना लग रहा है। डॉक्टरों की टीम से शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और कुछ अंगों को सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा जाएगा। इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज भी किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।







