फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ का टीजर बुधवार को निर्माताओं ने रिलीज किया है। इस फिल्म में इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया साथ में काम करेंगे। इसे लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं।
फिल्म निर्माता दीपक मुकुट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक रहस्यमई हाथ एक दूध भरी बाल्टी से निकलता है। इस दौरान इमरान हाशमी कहते हैं। ‘मुझसे मचमच किया तो चलेगा। गलती से परिवार को छुआ तो याद रखना। धंधे से दूध वाला हूं, बंदा बारूद वाला हूं।’
2026 में रिलीज होगी फिल्म- इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है ‘दूध से बारूद तक, सब्जी से गुंडा तक, गोली से पीटने तक, गनमास्टर जी9 तबाही के लिए तैयार है। टीम घातक है। दीपक मुकुट, नर मुकुट, सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट, इमरान हाशमी, आदित्य दत्त और हिमेश रेशमिया को वापस लाकर खुश है। इनके साथ जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना हैं। गनमास्टर जी9 सिनेमाघरों में 2026 को आएगी।’
यूजर को पसंद आई हिमेश और इमरान की जोड़ी- इस पोस्ट पर कई यूजर्स ने कमेंट किया है। एक यूजर ने लिखा है ‘आखिरकार हिमेश रेशमिया और इमरान हाशमी एक साथ हैं। 2000 का दौर फिर से वापस आएगा।’ एक और यूजर ने लिखा है ‘हे भगवान, 2025 में इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया। वाह क्या साल है।’ एक दूसरे यूजर ने लिखा है ‘लंबे समय के बाद इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया। पुराने और सुनहरे दिन वापस आ रहे हैं।
फिल्म के बारे में- फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ का निर्देशन अदित्य दत्त कर रहे हैं। इससे पहले इन्होंने ‘आशिक बनाया आपने’ और ‘टेबल नंबर 21’ का निर्देशन किया है। ‘गनमास्टर जी9’ में इमरान हाशमी, अपारशक्ति खुराना और जेनेलिया देशमुख अहम किरदार में होंगे। इसके निर्माता दीपक मुकुट, हुनर मुकुट हैं। फिल्म सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट के बैनर तले रिलीज होगी। फिल्म में हिमेश रेशमिया का संगीत है। यह 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।







