एक्टर अभिषेक बच्चन को आज इंडस्ट्री में 25 साल पूरे हो गए हैं। उन्होंने साल 2000 में आई फिल्म ‘रिफ्यूजी’ से बॉलीवुड में अपना डेब्यू किया था। आज 30 जून को ‘रिफ्यूजी’ की सिल्वर जुबली के साथ ही अभिषेक बच्चन का करियर भी बॉलीवुड में 25 साल का हो चुका है। इस मौके पर अभिषेक के फैंस ने अभिषेक को खास अंदाज में ट्रिब्यूट दिया है। इस पर अब अभिषेक का रिएक्शन भी सामने आया है।
अभिषेक बच्चन के बॉलीवुड में 25 साल पूरे होने पर उनके फैन क्लब की ओर से एक्टर को ट्रिब्यूट देते हुए एक खास वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया है। इस वीडियो की शुरुआत अभिषेक और पिता अमिताभ बच्चन के एआई (AI) द्वारा तैयार किए गए एक सीन से होती है जिसमें बिग बी अभिषेक के साथ दिखते हैं। फिर अभिषेक पिता की फिल्म ‘शहंशाह’ के पोस्टर को देखते हैं। इसके बाद इस वीडियो में अभिषेक की अलग-अलग फिल्मों के सीन और उनके किरदारों को दिखाया गया है, जिसमें ‘रिफ्यूजी’ से लेकर उनकी आखिरी रिलीज फिल्म तक को दिखाया गया है।
‘कई यादगार किरदारों से सजा करियर’
इस वीडियो को शेयर करते हुए फैंस की ओर से कैप्शन में लिखा गया है, ‘आज हम अभिषेक बच्चन का जश्न मना रहे हैं। एक ऐसा अभिनेता जिनकी यात्रा अपार प्रतिभा से भरी हुई है। कुछ यादगार परफॉर्मेंस से लेकर भारतीय सिनेमा में आइकॉनिक किरदारों निभाने तक, अभिषेक ने अपनी हर कहानी के साथ एक बेंचमार्क तैयार किया है। एक शानदार कलाकार। एक विरासत जो प्रेरित करती रहती है। 25 साल का सफर और आगे कई वर्षों तक जारी रहेगा।
अभिषेक ने जताया आभार
फैंस की ओर से शेयर किए गए इस वीडियो और पोस्ट को अभिषेक बच्चन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर री-शेयर किया है। फैंस का शुक्रिया जताते अभिषेक ने लिखा ‘हमेशा आभारी रहूंगा।’







