भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट से करीब 250 टन लौह स्क्रैप और ऑस्ट्रेलियन कोक की चोरी के मामले में अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने भी बड़ी कार्रवाई की है। सुरक्षा में लापरवाही बरतने के आरोप में सीआईएसएफ के सात जवानों को निलंबित कर दिया गया है। सीआईएसएफ अधिकारियों ने निलंबन की पुष्टि की है, हालांकि कार्रवाई के कारणों पर आधिकारिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई बीएसपी में स्क्रैप और कोक चोरी के मामले से जुड़ी है।
सूत्रों के अनुसार सीआईएसएफ भी इस पूरे मामले में विभागीय जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में इन सातों जवानों की भूमिका सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से लापरवाहीपूर्ण पाई गई है। इससे पहले भी सीआईएसएफ इस मामले में दो वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर चुकी है। विभागीय जांच अभी जारी है।







