पूर्वी दिल्ली। भजनपुरा इलाके में छह साल की बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों को पकड़ा है। उनकी उम्र 10 व 12 वर्ष है। 14 वर्षीय नाबालिग की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रह रही है। वारदात से परिवार व हिंदू संगठनों में नाराजगी है।
भजनपुरा थाना ने सामूहिक दुष्कर्म व पाक्सो का केस दर्ज किया है। मंगलवार को हिंदू संगठनों ने इस मामले में घोंडा में प्रदर्शन किया। आरोपित व नाबालिग अलग-अलग समुदाय से हैं। पीड़ित परिवार भजनपुरा थाना क्षेत्र में रहता है। पीड़िता के पिता कामगार हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में परिवार ने बताया कि 13 जनवरी को छह वर्षीय उनकी बेटी गली में खेल रही थी। उसी दौरान उसी गली में रहने वाले दो नाबालिग आए और बहाने से उसे अपने साथ एक कारखाने में ले गए। कारखाने में पहले से ही उनका तीसरा साथी मौजूद था। बच्ची रोते हुए अपने घर पर पहुंची और मां को वारदात के बारे में बताया। परिवार ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने अभिभावकों की शिकायत पर आरोपित नाबालिगों के खिलाफ केस दर्ज किया। दो नाबालिगों को पकड़ लिया। दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2025 से लेकर अगस्त के बीच दिल्ली में दुष्कर्म के 92 केस नाबालिगों के खिलाफ दर्ज हुए। इन केस में पुलिस ने 101 नाबालिगों को पकड़ा है। 157 लूट और डकैती में नाबालिग शामिल रहे। जबकि 101 हत्या में नाबालिग शामिल थे। हत्या की कोशिश में 161 नाबालिग थे।







