नई दिल्ली। राजस्थान के जयपुर में हुए एक फोटोशूट को लेकर सोशल मीडिया पर हंगाम देखने को मिल रहा है। जहां एक विदेशी फोटोग्राफर ने एक हाथी को चमकीले गुलाबी रंग से रंग दिया, जिसकी तस्वीरें वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी आलोचना की और इसे पशु क्रुरता बताया।
दरअसल, रूस की फोटोग्राफर जूलिया बुरुलेवा ने जयपुर में फोटोशूट किया। इसमें एक मॉडल के साथ एक गुलाबी रंग का हाथी नजर आ रहा है। यह तस्वीरें नवंबर 2025 की बताई जा रही हैं, जो सोशल मीडिया पर दोबारा वायरल होने के बाद वन्यजीव प्रेमियों और सोशल मीडिया यूजर्स ने रचनात्मक कार्यों में जानवरों के वस्तुकरण पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कई यूजर्स इसे पशु क्रुरता बता रहे हैं।
बुरुलेवा ने सबसे पहले 27 दिसंबर, 2025 को इंस्टाग्राम पर गुलाबी हाथी वाली पोस्ट शेयर की थी। बाद में 18 फरवरी को एक पोस्ट में उन्होंने सफाई देते हुए कहा, जो कोई भी हाथी को लेकर चिंतित है- हमने ऑर्गेनिक, स्थानीय रूप से बना पेंट इस्तेमाल किया था, ठीक वैसा ही जैसा स्थानीय लोग त्योहारों के लिए इस्तेमाल करते हैं, इसलिए यह जानवर के लिए पूरी तरह से सुरक्षित था।







