Home » ईरान पर हमले के बाद सामने आया भारत का पहला बयान, एस जयशंकर ने ईरान व इजरायल के विदेश मंत्रियों से की बात
दिल्ली-एनसीआर

ईरान पर हमले के बाद सामने आया भारत का पहला बयान, एस जयशंकर ने ईरान व इजरायल के विदेश मंत्रियों से की बात

नई दिल्ली।  ईरान पर अमेरिका और इजराइल ने संयुक्त रूप से हमला कर दिया है। इस बीच मिडिल-ईस्ट के कई देश इस पूरी घटना में शामिल हो गए हैं। वहीं अब जारी तनाव के बीच भारत का भी बयान सामने आया है। भारत ने सभी पक्षों से संयम बरतने और तनाव को बढ़ने से रोकने का आग्रह किया है। भारत ने इस बात पर भी जोर दिया है कि सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए। इसके अलावा भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ईरान और इजरायल के विदेश मंत्रियों से बात भी की है।

भारत ने युद्ध रोकने की अपील की :  भारत ने ईरान पर हमले के बाद मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव पर बयान दिया है। भारत ने युद्ध रोकने और बातचीत से मुद्दा सुलझाने की अपील की है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि ईरान और खाड़ी क्षेत्र में हाल के घटनाक्रम से भारत बहुत चिंतित है। हम सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव बढ़ने से बचने और आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह करते हैं। तनाव कम करने और अंदरूनी मुद्दों को सुलझाने के लिए बातचीत और डिप्लोमेसी को आगे बढ़ाया जाना चाहिए। सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए। इस इलाके में हमारे मिशन भारतीय नागरिकों के संपर्क में हैं और उन्हें सही सलाह जारी करके सतर्क रहने, मिशन के संपर्क में रहने और लोकल सुरक्षा गाइडलाइंस को मानने के लिए कहा है।

एस जयशंकर ने ईरान और इजरायल के विदेश मंत्रियों से की बात :  वहीं भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इजरायल और ईरान के विदेश मंत्रियों ने भी बात की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में एस जयशंकर ने बताया, ‘आज दोपहर इजरायली विदेश मंत्री Gideon Sa’ar से बात की। तनाव कम करने के लिए बातचीत और कूटनीति के लिए भारत के आह्वान को दोहराया।’ एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा, ‘आज शाम ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची से टेलीफोन पर बातचीत हुई। ईरान और क्षेत्र में हालिया घटनाक्रमों पर भारत की गहरी चिंता व्यक्त की।’

ईरान में भारतीय दूतावास ने जारी की एजवाइजरी :  ईरान में भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए एक परामर्श जारी करते हुए उनसे ”अत्यधिक सावधानी बरतने” और ”जहां तक संभव हो घर के अंदर रहने” की अपील की है। इसमें कहा गया है, ”बदलते घटनाक्रम को देखते हुए ईरान में सभी भारतीय नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने, अनावश्यक आवाजाही से बचने और जहां तक संभव हो घर के अंदर रहने की सलाह दी जाती है।” दूतावास ने कहा कि सभी भारतीय नागरिक खबरों पर नजर बनाए रखें, आसपास की स्थिति के प्रति जागरूक रहें और भारतीय दूतावास से मिलने वाले आगे के निर्देशों का इंतजार करें। भारत ने इजराइल में रह रहे अपने नागरिकों के लिए भी परामर्श जारी करते हुए उन्हें ”अत्यधिक सावधानी बरतने और हर समय सतर्क रहने” की सलाह दी है।

Search

Archives