Home » पकौड़ी खाई, फिर 1000 के लिए रेता बहन और भांजे का गला, मुठभेड़ में मौसेरा भाई गिरफ्तार
दिल्ली-एनसीआर

पकौड़ी खाई, फिर 1000 के लिए रेता बहन और भांजे का गला, मुठभेड़ में मौसेरा भाई गिरफ्तार

गोविंदपुरी। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में मां और बेटे की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद कातिल को गिरफ्तार कर लिया। ये कोई और नहीं बल्कि मृतका शारदा का मौसेरा भाई है, जिसने बेरहमी से अपनी बहन और भांजे को मौत के घाट उतार दिया। वह वारदात के बाद से फरार था।

पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर चार राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर काबू किया। उसने 20 मई को गोविंदपुरी में शारदा और उनके बेटे की हत्या कर दी गई थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने वाला शारदा का मौसेरा भाई सौरभ है, जो संगम विहार में रहता है और साप्ताहिक बाजार में रेहड़ी लगाने का काम करता है। आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार सौरभ के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला कि घटना वाली रात सौरभ शारदा के घर पहुंचा था। शारदा ने उसे पकौड़ी बनाकर खिलाई थी। इसी दौरान आरोपी ने एक हजार रुपये मांगे। पैसे को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में सौरभ ने शारदा के बाल पकडक़र रसोई में रखे चाकू से उनका गला काट दिया। शोर सुनकर जब उनका बेटा किचन में पहुंचा तो आरोपी ने उस पर भी ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी घर में रखे करीब 10 लाख रुपये लेकर फरार हो गया था।

मामले की जांच में जुटी दक्षिण-पूर्वी जिले की एंटी नारकोटिक्स टीम को सूचना मिली कि आरोपी घाटी पार्क इलाके में बैठा है और स्मैक पी रहा है। पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर उसे सरेंडर करने को कहा, लेकिन आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली मार दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Search

Archives