मस्तूरी। नेशनल हाईवे पर मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पाराघाट टोल प्लाजा में कार सवार 2 आरोपियों ने कर्मचारी पर हमला करते हुए मारपीट की घटना को अंजाम दिया है। कर्मचारी को गंभीर चोट आई है। मामले की शिकायत पर मस्तूरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी प्रमोद कुमार धीरज पाराघाट टोल प्लाजा में टीसी के पद पर कार्य करता है। 13 जून की शाम करीब 7 बजे पाराघाट टोल प्लाजा में लेन नंबर 5 के बूथ में टोल पर्ची काटने का कार्य कर रहा था। तभी अकलतरा से बिलासपुर साईड लेन नंबर 5 पर कार सीजी 10 एएच 9518 पहुंची। चालक अपने एक साथी के साथ उतरे और कहा कि इतना समय क्यों लग रहा है। कर्मचारी ने कहा कि सामने वाली गाड़ी का फास्ट टैग काटेगा तभी तो आपकी गाड़ी निकलेगी। इतना सुनते ही बहुत बात करते हो कहकर दोनों आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए हाथ मुक्का और डंडे से मारपीट शुरू कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट से प्रार्थी के सिर, बांई आंख और पीठ व कमर में चोट आई है। सारी घटना का सीसीटीवी फुटेज टोल प्लाजा में रिमार्ड हो गई है। पुलिस ने धारा 294, 323, 34, 506 आईपीसी के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है।







