Home » थाने में युवक से मारपीट कर 3 हजार ट्रांसफर कराया, शिकायत के बाद हटाए गए टीआई
छत्तीसगढ़

थाने में युवक से मारपीट कर 3 हजार ट्रांसफर कराया, शिकायत के बाद हटाए गए टीआई

मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा था युवक

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे एक फेरीवाले युवक ने पुलिस कर्मियों पर मारपीट और 5 हजार रुपए लेने के आरोप में मस्तूरी थाना प्रभारी सलीम खाखा को हटा दिया गया है।

पीड़ित ने इस मामले की शिकायत एसएसपी कार्यालय में किए जाने के बाद मस्तूरी थाना प्रभारी को लाइन अटैच किया गया है। पीड़ित का कहना है कि थाने में उसकी मोबाइल चोरी की शिकायत दर्ज नहीं की गई और उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई।

मोबाइल चोरी की रिपोर्ट लिखाने थाने पहुंचा था युवक

जानकारी के अनुसार, बिल्हा थाना क्षेत्र के पत्थरखान निवासी नकुल प्रसाद मांडरे गांव-गांव घूमकर साड़ी और कपड़े बेचने का काम करता है। 11 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे वह सामान बेचने के लिए मस्तूरी की ओर निकला था।

मस्तूरी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भराने के बाद उसने शराब पी। कुछ दूरी आगे जाने पर उसने अपनी गाड़ी रोकी और नीचे उतरा। इसी दौरान उसे पता चला कि उसकी गाड़ी से मोबाइल चोरी हो गया है। मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए वह मस्तूरी थाने पहुंचा।

पीड़ित के मुताबिक, उसने मुंशी शिवचरण मरावी को मोबाइल चोरी की जानकारी दी और यह भी बताया कि उसने शराब पी है। आरोप है कि मुंशी ने उसे बाहर से एक फॉर्म की फोटोकॉपी कराने के लिए भेज दिया।

फॉर्म लेकर वापस आने के बाद कथित तौर पर पुलिस कर्मियों ने उसकी रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मी दिनेश निराला, शिवचरण मरावी और नीतीश बंजारे ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद उसे थाने के अंदर ले जाकर मारपीट की गई।

पीड़ित ने यह भी बताया कि जिस समय उसके साथ मारपीट हो रही थी, उस दौरान थाना प्रभारी सलीम खाखा थाने में मौजूद थे। टीआई ने मारपीट को रोकने के लिए पुलिस कर्मियों को नहीं टोका।

2 हजार कैश और 3 हजार ऑनलाइन लेने का आरोप

शिकायत में युवक ने आरोप लगाया है कि शराब के नशे में होने की वजह से पुलिस कर्मियों ने उसकी तलाशी ली। इस दौरान उसकी जेब से 2 हजार रुपए नकद लिए गए और उसकी गाड़ी की चाबी भी कथित तौर पर अपने पास रख ली गई।

इसके बाद उसे छोड़ने के लिए कथित तौर पर 3 हजार रुपए की मांग की गई। पीड़ित के अनुसार, दबाव में उसने अपनी पत्नी से सूर्य सागर नाम के व्यक्ति के नंबर पर चैट के जरिए 3 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए।

शिकायत के बाद टीआई हटाए गए

मामले की शिकायत एसएसपी कार्यालय में पहुंचने के बाद बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने मस्तूरी थाना प्रभारी सलीम खाखा को हटा दिया। उनकी जगह निरीक्षक कपिलदेव चंद्रा को मस्तूरी थाने की जिम्मेदारी दी गई है।

बता दें कि सलीम खाखा के कार्यकाल को लेकर पहले भी शिकायतें आई थीं। फिलहाल, युवक की शिकायत के बाद टीआई को लाइन अटैच किया गया है।

Search