Home » बाइक को बचाने के फेर में कार रेलिंग से जा टकराई, आप प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा गंभीर
छत्तीसगढ़

बाइक को बचाने के फेर में कार रेलिंग से जा टकराई, आप प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा गंभीर

अकलतरा। आम आदमी पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा मंगलवार को सड़क़ हादसे का शिकार हो गए। हादसा अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हुआ। दुर्घटना में अभिषेक मिश्रा के सिर और कंधे में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, आप प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अपने गृह नगर अकलतरा से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बिलासपुर में आयोजित संगठनात्मक बैठक में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे। सुबह लगभग 11 बजे कार किरारी के पास पहुंची ही थी कि हादसे का शिकार हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, किरारी-भदौरा नहर की ओर से एक बाइक सवार अचानक तेज रफ्तार में हाईवे पर चढ़ गया और सीधे कार के सामने आ गया। संभावित भीषण टक्कर को टालने के लिए अभिषेक मिश्रा ने तत्काल कार का स्टीयरिंग मोड़क़र बाइक सवार को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर पुल की पक्की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और परखच्चे उड़ गए। हादसे के तुरंत बाद बाइक सवार मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस बाइक सवार की तलाश में जुटी हुई है।

Search

Archives