कबीरधाम। नवीन शिक्षा सत्र में कक्षा पहली से 8वीं तक के सभी पात्र विद्यार्थियों को दो-दो सेट निःशुल्क यूनिफॉर्म का वितरण शाला प्रवेश के प्रथम दिन से ही किया जाना है। प्रदेश में पहली बार शिक्षा सत्र शुरू होने से पहले ही स्कूलों में निःशुल्क पाठ्य पुस्तक व यूनिफॉर्म बांट दी गई है। वहीं 16 जून को शाला प्रवेश उत्सव में बच्चों को पाठ्य पुस्तक व यूनिफॉर्म का वितरण किया जाएगा। जिले के कक्षा एक से लेकर 8वीं तक के बच्चों को इसका लाभ मिलेगा।
छत्तीसगढ़ राज्य हाथ करघा विकास व विपणन सहकारी संघ द्वारा यूनिफॉर्म तैयार की गई है। वहीं स्कूल शिक्षा विभाग ने निर्देशित किया है कि यूनिफॉर्म का वितरण शाला प्रवेश के समय ही हो। हाथकरघा संघ द्वारा कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए संकुल स्तर पर वितरण कार्य के लिए गणवेश सेट के परिवहन के लिए जरूरी वाहनों का निर्धारण यथा समय पूर्व सुनिश्चित कर ली गई थी। जिले में कक्षा एक से लेकर 8वीं तक के बच्चों की संख्या करीब 1.20 लाख है।
0 हाईस्कूल तक के विद्यार्थियों को मिलेगी पुस्तकें
विद्यार्थियों को शासन की ओर से निःशुल्क पाठ्य पुस्तक प्रदान किए जाने की प्रक्रिया पर तेजी से अमल शुरू कर दिया है। पाठ्यपुस्तक निगम के डिपो से पुस्तकें शासकीय, मान्यता प्राप्त तथा निजी स्कूलों के कक्षा 1 से लेकर 10वीं तक के विद्यार्थियों के वितरण के लिए हाईस्कूलों व संकुलों को प्रदान की जा रही हैं। मुद्रित पुस्तकों को जिलों के डिपो में और वहां से हाई स्कूलों और संकुलों में भिजवाना भी प्रारंभ कर दिया है।







