कवर्धा। भारतीय स्टेट बैंक में चपरासी की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगों ने तीन लोगों से साढ़े चार लाख रूपए का चूना लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित लालजी पिता कार्तिकराम चंद्रवंशी निवासी झलमला, विनोद पिता मोहन चंद्रवंशी निवासी खपरी और अघनू पिता गंगाराम चंद्रवंशी निवासी ग्राम आंछी ने एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। मामला पिपरिया थाना क्षेत्र का है।
पीड़ितों ने बताया कि वर्ष 2021 में एसबीआई में चपरासी की नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया था। आरोपी जीवन पिता दुखू कामड़े निवासी राजनांदगांव और कन्हैया चंद्रवंशी निवासी रैतापारा पंडरिया ने नौकरी का झांसा देते हुए 1.50-1.50 लाख की डिमांड की। साथ ही आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि नौकरी नहीं लगने पर रकम लौटा देंगे। इसके लिए 50 रूपए के स्टाम्प पेपर पर भी लिखकर दिया। इतना ही नहीं विश्वास में लेने के लिए ठगों ने हस्ताक्षरयुक्त ब्लैंक चेक भी दिया। ताकि रकम न लौटाने की स्थिति में उसे बैंक से कैश करा सके। एसबीआई में नौकरी पाने की लालच में पीडितों ने उन्हें साढ़े 4 लाख रूपए दे दिया, लेकिन दो साल बाद भी नौकरी नहीं लगी और न ही आरोपियों ने रकम वापस लौटाया। पीड़ितों ने बैंक में चेक लगाया तो वह बाउंस हो गया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ितों ने इसकी शिकायत एसपी से की है।







