गरियाबंद। वन्य प्राणियों के शिकार के मामले में वन विभाग की टीम ने 3 शिकारियों को गिरफ्तार किया है, वहीं एक आरोपी फरार है, जिसकी पता-तलाश की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 2 कोटरी हिरण प्रजाति का वन्यप्राणी का शव बरामद किया गया है। मामला मैनपुर वन परिक्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात कोदोभाठा के जंगल से चार शिकारी 2 कोटरी का शिकार कर गांव की ओर जा रहे थे। वन विभाग की टीम ने कार्यवाही करते हुए आरोपी अवध राम, लोचन और हेमंत को गिरफ्तार कर लिया, वहीं एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं फरार आरोपी की तलाश वन विभाग की टीम कर रही है।







