बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम गोविंदपुर के पास गुरुवार शाम तेज रफ्तार बस और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
गांव लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कांची निवासी ननसू राम बरगाह (18), पिता रमेश राम, अपने दोस्त राजू राम के साथ गुरुवार को कुसमी आया था। शाम करीब 5 बजे दोनों बाइक क्रमांक सीजी 30 एफ 7908 से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान शाम लगभग 5.20 बजे ग्राम गोविंदपुर के पास जशपुर की ओर से आ रही पॉपुलर बस से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई।
सिर में गंभीर चोट लगने से गई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस और बाइक दोनों की रफ्तार तेज थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने बस जब्त कर शुरू की जांच
घटना की सूचना कोटवार जयप्रकाश ने पुलिस को दी। इसके बाद कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कुसमी अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पॉपुलर बस को जब्त कर लिया है। साथ ही बस चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
परिवारों में पसरा मातम
बताया जा रहा है कि पॉपुलर बस रोजाना अंबिकापुर से कुसमी और जशपुर होते हुए गुमला तक संचालित होती है। गुरुवार शाम भी बस जशपुर की ओर से यात्रियों को लेकर कुसमी आ रही थी। हादसे में दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में शोक छा गया। परिजन अस्पताल के लिए रवाना हो गए।







