धमतरी । धमतरी में एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां दो भाई सहित तीन युवकों की हत्या हुई है। इस वारदात से धमतरी जिले में सनसनी फैल गई है। लोगों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। वहीं मामले में आठ लोगों को हिरासत में लिया है।
बीती रात रायपुर से कुछ युवक धमतरी के अर्जुनी थाना इलाके के सेमरा गांव के रहने वाले राहुल के यहां पहुंचे थे। इस दौरान रायपुर से आए दो भाई सुरेश तांडी (34) नितिन तांडी (32) संतोषी नगर, आलोक ठाकुर (28) सेजबहार अपने अन्य एक दोस्त और राहुल के साथ देर रात खाना खाने के लिए निकले। जैसे ही ये लोग भोयना गांव के अन्नपूर्णा ढाबा के पास पहुंचे तो कुछ काम के लिए रुक गए। इसी दौरान वहां पर कुछ युवक पहुंच गए। इन पांच युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते हमलावरों ने रायपुर और सेमरा से पहुंचे युवकों को दौड़ा दौड़ा कर धारदार हथियार से हमला कर दिया।







