बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के लाल खदान में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। हादसे में ढाई वर्षीय मासूम इफ्जान अली की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी सरफराज अली ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि रात करीब 9.15 बजे वह दुकान से घर जा रहा था। तभी उनकी मां के चीखने की आवाज आई। वे दौड़कर सड़क किनारे पहुंचे तो देखा कि ट्रेलर सीजी 12 एयू 1256 ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए इफ्जान अली को टक्कर मार दी, जिससे उसके कमर के नीचे का हिस्सा कुचल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मोहल्लेवासियों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेलर को रोक लिया। चालक की पहचान चैतराम कंवर 29 वर्ष निवासी ग्राम कर्मा थाना सीपत के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इफ्जान अली लालखदान निवासी डॉक्टर इकबाल अली के पुत्र, शहजाद अली के पोते एवं बिलासपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष इरशान अली के भतीजे थे। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों और परिचितों में गहरा आक्रोश और दुख है। मासूम का जनाजा आज दोपहर 2 बजे निकाला जाएगा। लालखदान कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक किया जाएगा।







