सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-43 में सोमवार की रात गुतुरमा पुल के पास ट्रक और ट्रेलर में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस घटना में ट्रेलर चालक का हाथ कट गया और अलग हो गया। जिसके कारण घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर चालक के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीतापुर लाया गया। अस्पताल में किसी के नहीं रहने पर चालक की लाश को पुलिस अस्पताल के गेट के पास छोड़कर चली गई। 11 घंटे तक ट्रेलर चालक की लाश हॉस्पिटल में गेट के पास पड़ी रही।
जानकारी के मुताबिक एमआर इन्फ्रा लॉजिस्टिक कंपनी के दो ट्रेलरों को लेकर चालक सूरजपुर जिले के विश्रामपुर में सामान पहुंचाने गए हुए थे। सामान खाली करने के बाद दोनों ट्रेलरों के चालक रायगढ़ के लिए निकल गए थे तभी मार्ग में रात लगभग 10.30 बजे तेज गुतुरमा पुल के पास सामने से आ रहे ट्रक ने ट्रेलर को जोरदार टक्कर मार दी।
इस घटना में ट्रेलर चालक सुनील कुमार सिंह का दायां हाथ कटकर अलग हो गया, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सीतापुर पुलिस कंपनी का ही दूसरा ट्रेलर चला रहे चालक मुकेश कुमार सिंह के साथ लाश को लेकर अस्पताल पहुंची और चौकीदार के नहीं रहने पर हॉस्पिटल में ही लाश को छोड़ चल दिए। बताया जा रहा है कि चालक का शव हॉस्पिटल के मुख्य द्वार पर घंटों तक असुरक्षित रूप से पड़ा रहा।







