Home » बिलासपुर में दर्दनाक हादसा: 11केवी लाइन की चपेट में आकर दो मजदूरों की मौत
छत्तीसगढ़

बिलासपुर में दर्दनाक हादसा: 11केवी लाइन की चपेट में आकर दो मजदूरों की मौत

निर्माणाधीन मकान की छत पर कर रहे थे कार्य

बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्तूरबा नगर में मंगलवार की शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां दो मजदूर 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम करीब 4 बजे कस्तूरबा नगर स्थित अनूप सिंह के निर्माणाधीन मकान की छत पर कार्य चल रहा था। इसी दौरान वहां मजदूरी कर रहे दो युवक अचानक मकान के करीब से गुजर रही 11केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गए। दोनों की गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने जांच में पाया कि युवक का शव मकान की छत पर पड़ा था। जबकि दूसरा युवक करंट लगने के बाद दीवार के सहारे बिजली लाइन के पास लटका हुआ था। दोनों की स्थित देखकर आसपास मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। मृतकों की पहचान भूपेंद्र साहू 45 पिता लखन लाल साहू तथा रवि बंजारे 40 निवासी अशोक नगर डीएलएस कॉलेज के पास सरकंडा के रूप में हुई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच कर रही है कि हाईटेंशन लाइन के बीच सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित पक्ष पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इधर स्थानीय लोगों ने ऐसे स्थानों पर सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटना न हो।

Search

Archives