सरगुजा। जिले में रविवार को नेशनल हाईवे 43 और आसपास के क्षेत्रों में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसों में दो बाइक सवार और एक राहगीर की जान चली गई, जबकि एक अन्य घायल का इलाज चल रहा है। पुलिस ने सभी घटनाओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना अंबिकापुर नमनाकला क्षेत्र की है। चंद्र पाल दास (65 वर्ष), जो कि सीतापुर से अंबिकापुर लौट रहे थे, मंगारी चौक के पास अपनी बाइक पर थे। तभी सामने से आ रहे महिंद्रा की मालवाहक वाहन के ड्राइवर ने रॉन्ग साइड से आकर उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में चंद्रपाल दास सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीतापुर में भर्ती कराया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। चंद्रपाल दास अपने परिवार से मिलने सीतापुर गए थे। दूसरी घटना नेशनल हाईवे 43 के लालमाटी के पास ग्राम टिरंग में हुई। ग्राम टिरंग से अंबिकापुर आ रहे दंपती इंद्रजीत पैकरा (22 वर्ष) और पुष्पा पैकरा (19 वर्ष) की बाइक को अज्ञात चारपहिया वाहन ने तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए और चारपहिया वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घायल दंपती को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान पुष्पा पैकरा की मौत हो गई जबकि पति इंद्रजीत पैकरा का इलाज जारी है। इंद्रजीत ने बताया कि वे ससुराल अंबिकापुर के बलसेढ़ी गांव जा रहे थे।
—-







