Home » खदान में हेवी ब्लास्टिंग का पत्थर छिटककर किशोरी के सिर से टकराया, मौके पर मौत, सीएम बघेल ने ठोस कार्रवाई के दिए निर्देश
छत्तीसगढ़

खदान में हेवी ब्लास्टिंग का पत्थर छिटककर किशोरी के सिर से टकराया, मौके पर मौत, सीएम बघेल ने ठोस कार्रवाई के दिए निर्देश

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में कुनकुरी से लगे मयाली में बुधवार की शाम खदान में हेवी ब्लास्टिंग हो रही थी। इसी दौरान नजदीक ही पार्क में एक किशोरी घुमने आई हुई थी। खदान में ब्लास्टिंग होते ही एक पत्थर छिटककर तेज गति से सीधे किशोरी के सिर से टकरा गया। किशोरी का सिर फट गया। किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना ने आसपास के लोगों को झकझोरकर रख दिया। मृत किशोरी कक्षा 12 वीं की छात्रा थी। जिस स्थान पर घटना हुई, उस पार्क का शुभारंभ 13 फरवरी को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हाथों किया गया था। जशपुर कलेक्टर ने मामले में संबंधितों पर एफआईआर दर्ज करने का आदेश दे दिया है। मामले को सीएम बघेल ने गंभीरता से लेते हुए ठोस कार्रवाई के आदेश दिए हैं।मिली जानकारी के अनुसार कुनकुरी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मयाली में पार्क के पास स्थित एक पत्थर खदान में बुधवार की शाम हेली ब्लास्टिंग की गई। हेवी ब्लास्टिंग के कारण खदान से उड़ा एक बड़ा पत्थर मयाली पार्क में घूमने आई किशोरी केश्वरी बाई के सिर में तेज गति से टकरा गया। पत्थर से किशोरी का सिर क्षतविक्षत हो गया। उसकी मौके पर मौत हो गई। मृत किशोरी खटांगा गांव की रहने वाली थी। वह हायर सेकेंडरी स्कूल चरईडांड में 12 वीं की छात्रा थी। मयाली धार्मिक स्थल भी है। यहां स्कूल भी हैं, फिर भी यहां चार पत्थर खदानों की स्वीकृति कैसे दे दी गई, यह समझ से परे है। इसका लोगों ने पूर्व से विरोध भी किया था। एसपी डी.रविशंकर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है। मामले को जशपुर कलेक्टर रवि मित्तल ने गंभीरता से लेते हुए संबंधित ठेकेदार एवं खदान मैनेजर के खिलाफ एफआईआर का आदेश दिया है। कलेक्टर ने मामले में जांच कमेटी बनाई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खदानों पर कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने जशपुर कलेक्टर को क्रशर मालिक के खिलाफ अपराध दर्ज करने के साथ ही कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर रवि मित्तल ने कहा कि प्रभावित परिवार को जिला प्रशासन हर संभव सहायता करेगा। प्रभावित परिवार के परिजनों को 10 लाख मुआवजा दिया जाएगा। कलेक्टर ने खदान को सील करने के सख्त निर्देश दिए हैं। अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में जॉच समिति भी गठित करने का निर्देश दिया गया है।

Search

Archives