Home » बुजुर्ग दंपत्ति का हत्यारा निकला झोलाछाप डॉक्टर, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
छत्तीसगढ़

बुजुर्ग दंपत्ति का हत्यारा निकला झोलाछाप डॉक्टर, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

अभनपुर। राजधानी से लगे अभनपुर क्षेत्र के बिरोदा गांव में पति-पत्नी रुकमणि व भूखन ध्रुव के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस कंट्रोल रूम में मंगलवार शाम को दोहरे हत्याकांड के आरोपी को पेश किया गया। आरोपी राकेश कुमार बारले (30) कोड़ापारा कुरूद थाना जिला धमतरी का रहने वाला है। वह पेशे से झोलाछाप डाक्टर है। वह गांव में दुकान खोलकर दवाई बिक्री करने के साथ ही लोगों का उपचार भी करता था। वारदात की रिपोर्ट अभनपुर थाने में गत 16 जुलाई को की गई थी।

दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए मंगलवार को एसएसपी लाल उमेंदसिंह ने बताया कि वारदात के बाद गांव में पुलिस ने लगभग 200 लोगों से जानकारी जुटाई। इस दौरान पता चला कि वारदात के दिन शाम को लगभग 6 बजे एक डॉक्टर को मृतक बुजुर्ग दंपत्ति के घर से बाहर आते देखा गया था। इस पर पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने झोलाछाप डाक्टर राकेश बारले की जानकारी जुटाकर उसे पकड़ा और पूछताछ की। आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा। इसके बाद मिले साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या करना स्वीकार लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी राकेश ने बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व से वह ग्राम बिरोदा अभनपुर में आर.के. मेडिकल के नाम से दुकान खोलकर दवाई बिक्री के साथ उपचार भी करता था। इसी दौरान लगभग एक माह पूर्व मृतका रुकमणि ध्रुव अपने हाथ के दर्द का उपचार कराने राकेश के पास आई थीं, लेकिन उपचार व दवाई देने के बाद भी मृतका का दर्द ठीक नहीं हो रहा था। जबकि वह आरोपी को लगातार पैसे देती रहीं, लेकिन हाथ दर्द ठीक नहीं होने पर रुकमणि का आरोपी झोला छाप डॉक्टर से झगड़ा हो गया। रुकमणि का कहना था कि तुम दूसरे गांव से आकर उपचार के नाम पर गांव के लोगों को बेवकूफ बना रहे हो। मृतका राकेश को इलाज के नाम पर ज्यादा पैसा वसूलने का लगातार ताना मारती और गांव के लोगों के सामने आरोपी की बुराई भी करती थी।

Search

Archives