मल्हार। चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरसेनी में मंगलवार की सुबह विद्या मंदिर स्कूल के समीप एक पेड़ पर युवक की लाश पेड़ पर लटकी मिली है। मृतक की पहचान सूरज निषाद पिता संतोष निषाद 18 वर्ष के रूप में हुई है। मृतक अपने ही शर्ट से फंदे पर परसा पेड़ से लटका मिला। चौकाने वाली बात यह है कि शव घुटनों के बल बैठी अवस्था में था। जिससे प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या न होकर हत्या प्रतीत हो रहा है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना मल्हार पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को पीएम के लिए भेजा गया है।
प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि सूरज निषाद सोमवार शाम 7 बजे घर से निकला था और देर रात तकक घर वापस नहीं लौटा। मंगलवार को सुबह उसकी लाश संदिग्ध अवस्था में पेड़ पर लटकी मिली। ग्रामीणों ने बताया कि सूरज गांव में ही अपने दादा के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था। इस वर्ष इटावा पाली के स्कूल में प्रवेश लिया था। उसके माता पिता रोजगार के सिलसिले में गांव से बाहर रहते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने हर एंगल से जांच करने की बात कही है। ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।







