रायगढ़। पार्सल के पैसे न देकर डिलीवरी ब्वाय व उसके एक साथी को चार युवकों द्वारा बंधक बनाते हुए मारपीट करने व उनके मोबाईल, बाईक व नगद रकम छीन लेने का मामला प्रकाश में आया है। रिपोर्ट कराने पर जान से मारने की धमकी देने की वजह से पीड़ित ने चार दिनों तक थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई थी, वहीं अब सामान वापस नहीं मिलने से परेशान होकर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने एक नामजद एक आरोपी सहित अन्य तीन लोगों के विरूद्ध जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की है। उक्त वाकया लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक लैलूंगा थानाक्षेत्र के ग्राम गमेकेला निवासी सावन पैकरा प्राईवेट लिमिटेड कंपनी में डिलीवरी ब्वाय के पद पर कार्यरत है। सावन पैकरा गुरूवार लैलूंगा के इंदिरा नगर विक्की सारथी के यहां दो अलग-अलग पार्सल छोड़ऩे गया था। विक्की ने एक पार्सल का पैसा दिया और दूसरे पार्सल का पैसा नहीं दिया। सावन ने जब पैसों की मांग की तो उसने डेढ़ घंटे बाद आकर ले जाना कहा। शाम करीब साढ़े 6 बजे सावन अपने साथी नित्यानंद डेल्फी के साथ विक्की के घर पैसे लेने गया, तब विक्की और उसका एक साथी पैसे नहीं देंगे, कहते हुए उनके साथ गाली गलौच करते हुए मारपीट करने लगे।
इसी बीच विक्की के दो अन्य साथी और आये और उन्होने भी सावन एवं उसके मित्र नित्यानंद को कमरे में बंद कर बेल्ट और लकड़ी से मारपीट शुरू कर दी। यही नहीं मारपीट करते हुए विक्की एवं उसके साथियों ने सावन और उसके दोस्त के पास रखे तीन नग मोबाईल, बाईक एवं पांच हजार रूपए नगद लूट लिया और रिपोर्ट करने पर जान से मार देने की धमकी देते हुए भगा दिया। दूसरे दिन विक्की ने उन्हें बुलवाया और मोबाईल व मोटरसायकिल वापस कर देने की बात कही। इस पर सावन ने तीन दिनों तक बाईक व मोबाईल वापस करने का इंतजार किया तथा डर से रिपोर्ट भी नहीं कराई थी।
अंत में पारिवारिक सलाह मशविरा के बाद उसने तदाशय की रिपोर्ट लैलूंगा थाने में कराई है। पुलिस ने सावन पैकरा की रिपोर्ट पर विक्की सारथी व उसके 3 अन्य साथियों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 127 (2), 309 (6) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को जांच में लिया है।







