राजनांदगांव। राजनांदगांव के लालबाग थाने में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां नशे में धुत आरक्षक महेंद्र साहू ने अपने ही साथी हवलदार प्रभात तिवारी के साथ बेरहमी से मारपीट की। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, महेंद्र साहू ने पहले अपने साथी प्रभात तिवारी के साथ धक्का-मुक्की की और फिर उन्हें बेल्ट से मारा। नशे में धुत आरक्षक की हरकतें इतनी बढ़ गईं कि उन्हें संभालना मुश्किल हो गया। बाद में उन्हें जिला मेडिकल अस्पताल पेंड्री ले जाया गया, लेकिन वहां भी उनकी हरकतें नहीं रुकीं।
एसपी ने लिया एक्शन
इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए एसपी मोहित गर्ग ने तत्काल कार्रवाई की और मारपीट करने वाले आरक्षक महेंद्र साहू को निलंबित कर दिया। मामले की जांच के लिए सीएसपी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
पुलिस बल में अनुशासन की समस्या
इस घटना ने पुलिस बल के भीतर अनुशासन और नशे की समस्या पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस बल की साख को बनाए रखने के लिए इस तरह की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई करना आवश्यक है।







