जांजगीर-चांपा । खनिज के अवैध उत्खनन-परिवहन व भंडारण करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की गई। कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशन में खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल प्रभारी उत्तम प्रसाद खूँटे, प्रभारी खनिज निरीक्षक द्वारा जॉजगीर-चांपा के नवापारा, बम्हनीडीह एवं पीथमपुर क्षेत्र में अवैध भण्डारण करने वाले स्थलों का औचक निरीक्षण किया गया।
खनिज अधिकारी हेमंत चेरपा ने बताया कि जॉजगीर तहसील अंतर्गत ग्राम नवापारा में रात्रि में जांच के दौरान 1 चैन माउन्टेन मशीन को खनिज रेत का अवैध उत्खनन करते पाए जाने पर जप्त कर अवैध उत्खनन का प्रकरण दर्ज किया गया। साथ ही अवैध परिवहन करने वाले खनिज रेत के 4 प्रकरण (2 ट्रैक्टर, 2 हाईवा) दर्ज किया गया।
इस प्रकार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन-परिवहन करने वाले कुल 5 वाहनों को जप्त कर प्रकरण दर्ज किया गया है। सभी वाहनों को पुलिस अभिरक्षा मे रखा गया है। खनिज नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।







