Home » मल्हार की युवती की धनगंवा के एक घर में फांसी पर लटकी मिली लाश… संदिग्ध मौत से सनसनी
छत्तीसगढ़

मल्हार की युवती की धनगंवा के एक घर में फांसी पर लटकी मिली लाश… संदिग्ध मौत से सनसनी

बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मल्हार चौकी इलाके से एक युवती की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मल्हार नगर निवासी युवती की लाश उसके घर से करीब सात किलोमीटर दूर ग्राम धनगंवा स्थित एक मकान के कमरे में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना की सूचना मिलते ही मल्हार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार धनगंवा के कोटवार बिसाहूदास मानिकपुरी ने सूचना दी कि गांव में रहने वाले चंदन लहरिया के मकान के एक कमरे में एक युवती फांसी के फंदे पर लटकी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। कमरा अंदर से बंद था, जिसे खोलकर कमरे का निरीक्षण किया गया। युवती का शव दुपट्टे के सहारे रोशनदान से लटका हुआ था और उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाया और पहचान की प्रक्रिया शुरू की।

पूछताछ में युवती की पहचान मल्लिका कुर्रे पिता खिखराम कुर्रे के रूप में हुई जो मल्हार के बाजारपारा की रहने वाली बताई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि मल्हार में रहने वाली युवती धनगंवा के एक मकान तक कैसे पहुंची और उस कमरे में किस परिस्थिति में थी। ग्रामीणों के बीच मामले को लेकर कई तरह की चर्चा चल रही है। यह आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण छिपा हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि युवती का दूसरे गांव में इस तरह संदिग्ध हालत में मिलना कई संदेह को पैदा करता है। वहीं जिस मकान में शव मिला है, उसके मालिक और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच क्रे बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में गहमागहमी का माहौल है। लोगों को इस संदिग्ध मौत के खुलासे का इंतजार है।

Search

Archives