जगदलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम आसना के पास गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार पेड़ से टकरा गई, जिसमें बकावंड के क्षमापुर निवासी आरटीओ एजेंट सतेंद्र सिंह (40) की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
कोतवाली पुलिस के अनुसार सतेंद्र अपने घर से आरटीओ कार्यालय के लिए निकले थे। आसना के पास कार का नियंत्रण खोने से यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने यातायात और कोतवाली पुलिस को सूचना दी और घायल सतेंद्र को महारानी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सतेंद्र पिछले पांच वर्षों से आरटीओ एजेंट के रूप में कार्यरत थे।







