गौरेला पेंड्रा मरवाही। साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। जिनके कब्जे से 10 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
पुलिस और साइबर सेल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी हुए दोपहिया वाहनों के मामले में दो आरोपी सूरज चौधरी और सोनू यादव दोनों निवासी वार्ड क्रमांक 14 व 15, कुदारी, थाना नौरोजाबाद, जिला उमरिया (मध्यप्रदेश) को पहले गिरफ्तार किया। उनकी पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी मोहम्मद शाहिद उर्फ शाकिर, निवासी नौरोजाबाद, जिला उमरिया तक पहुंचा गया। आरोपियों की निशानदेही पर 10 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंची। तीनों आरोपी गौरेला के मड़ना क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे। ये लोग रेलवे स्टेशन, मंगली बाजार, बस स्टैंड जैसे स्थानों पर खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे। मास्टर चाबी को मॉडिफाई कर वाहन लॉक खोलने की तकनीक का उपयोग कर चोरी करते थे। चोरी किए गए वाहनों को फर्जी दस्तावेजों के साथ सस्ते दामों में छत्तीसगढ़ के बाहर बेच दिया जाता था।
पुलिस को आरोपियों से कुछ और महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर आगे की जांच चल रही है। जल्द ही और वाहन बरामद होने की संभावना है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







