Home » इंसाफ के लिए शोले स्टाइल में प्रदर्शन… हाईटेंशन पर चढ़ा, फॉर्च्यून मेटल कंपनी पर आरोप
छत्तीसगढ़

इंसाफ के लिए शोले स्टाइल में प्रदर्शन… हाईटेंशन पर चढ़ा, फॉर्च्यून मेटल कंपनी पर आरोप

रायपुर। राजधानी के औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा में सोमवार को उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब एक ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर अजीब तरह का प्रदर्शन करने लगा। वह हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। घंटों चले हाईवोल्टेज ड्रामे में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। टावर पर चढ़े ग्रामीण की पहचान सोंडरा गांव निवासी किशन लाल निषाद के रूप में हुई है।

ग्रामीण का आरोप है कि उसी पुश्तैनी जमीन पर फार्च्युन मेटल प्राइवेट लिमिटेड ने पिछले 12 साल से अवैध कब्जा कर रखा है। उसका परिवार पिछले एक दशक से न्याय के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा रहा है। भू माफिया और कंपनी प्रबंधन के रसूख के आगे उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। घर और जमीन छिन जाने के कारण किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं। जानकारी के अनुसार किशन लाल ने टावर पर चढ़कर आत्मघाती कदम उठाने का फैसला लिया।

मामले की सूचना मिलते ही सिलतरा पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सबसे पहले हाईटेंशन लाइन की सप्लाई काटी गई। ग्रामीण को मनाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने लाउटस्पीकर से अपनी आवाज उस तक पहुंचाई और उसे उचित न्याय का भरोसा दिलाया। औद्योगिक क्षेत्र होने की वजह से मौके पर कामगारों की भीड़ जुटी रही। मौके पर अतिरिक्त बल भी तैनात करना पड़ा। खबर लिखे जाने तक अधिकारी ग्रामीण को समझाईश देते रहे।

Search

Archives