बिलासपुर। चौकी बेलगहना थाना कोटा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है। पहाड़बछाली गांव में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी यशराज भानु उर्फ छोटा 20 वर्ष को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शराब के नशे में गाली गलौच के बाद गुस्से में आकर धारदार हथियार से वार कर हत्या की दी। मामला 4 अगस्त का है।
पहाड़बछाली निवासी कोटवार गंगाबाई गंधर्व ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव के ही छेदीलाल यादव की किसी अज्ञात व्यक्ति ने बृहस्पति बाई के घर में धारदार हथियार से हत्या कर दी है। पुलिस ने धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तत्काल विवेचना शुरू की। मौके पर पहुंची फारेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। गवाहों के बयान दर्ज किए गए। जांच के दौरान संदेही यशराज भनु उर्फ छोटा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक से मिलने गया था। जहां शराब के नशे में उसने मां बहन की गालियां दी। इससे गुस्से में आकर उसने घर में रखी टांगी से छेदीलाल के गले पर वार कर दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी को भी बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई में फारेंसिक टीम के साथ उपनिरीक्षक राज सिंह, एएसआई भारतलाल राठौर, मोतीलाल सूर्यवंशी, हेड कांस्टेबल नरेंद्र पात्रे, ईश्वर नेताम, अंकित जायसवाल और संदीप शर्मा का विशेष योगदान रहा। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।







