Home » गेवरा-कुसमुंडा मार्ग पर भीषण हादसाः ट्रेलर की चपेट में आकर युवक की मौत, चालक फरार
छत्तीसगढ़

गेवरा-कुसमुंडा मार्ग पर भीषण हादसाः ट्रेलर की चपेट में आकर युवक की मौत, चालक फरार

कोरबा। गेवरा-कुसमुंडा मार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब 12ः30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार बाजार के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर (सीजी 04 जेसी 9564) और बाइक (सीजी 12 एएच 2745) के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोयले से भरा ट्रेलर गेवरा से कुसमुंडा की ओर तेज रफ्तार में जा रहा था। मंगलवार बाजार के पास अचानक सामने से आ रही बाइक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार ट्रेलर के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान आशीष कुमार कंवर, पिता वीरू कंवर, निवासी चुनचुनी बस्ती, गेवरा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, वहीं पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में गहरा तनाव देखा गया। लोगों ने बताया कि गेवरा-कुसमुंडा मार्ग पर कोयला ढोने वाले भारी वाहन लगातार दौड़ते हैं और चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे सड़क हादसे आम हो गए हैं।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस मार्ग पर ट्रैफिक नियंत्रण व्यवस्था सख्त करने, पुलिस गश्त बढ़ाने और वाहनों की गति सीमा पर निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकी जा सकें। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की जांच जारी है।

Search

Archives