Home » खनन माफियाओं की दबंगई : मुखबिरी के शक में युवक को खंभे से बांधकर लाठी, डंडे व बेल्ट से पीटा
छत्तीसगढ़

खनन माफियाओं की दबंगई : मुखबिरी के शक में युवक को खंभे से बांधकर लाठी, डंडे व बेल्ट से पीटा

भाटापारा बलौदाबाजार। बलौदा बाजार जिले के गिधौरी थाना क्षेत्र के ग्राम खपरिडीह से दबंगों की दबंगई देखने को मिली। मुखबिरी के शक में एक युवक को गांव के चौक पर खंभे से बांधकर लाठी, डंडे और बेल्ट से बेरहमी से पीटा गया। यह अमानवीय घटना कैमरे में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में काफी आक्रोश है।

सूत्रों के अनुसार पीड़ित युवक पूर्व में अवैध खनन में लगे कुछ ट्रैक्टरों को पकड़वाने की कार्रवाई में शामिल रहा है। इसी बात को लेकर गांव के खनन माफिया उससे रंजिश रखते थे और संदेह था कि वह माइनिंग विभाग को लगातार सूचना दे रहा है। घटना के दिन केवल केंवट, यशवंत पटेल, गया पटेल, दिलहरण वर्मा, दिग्विजय वैष्णव और आनंद दास सहित अन्य ने युवक को सार्वजनिक चौक में खंभे से बांधा और क्रूरता की सभी हदें पार करते हुए पीटा। जब पीड़ित ने अपने बड़े भाई को बुलाया, तब भी हमलावरों का कहर जारी रहा।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी फरार- घटना की शिकायत मिलते ही गिधौरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद आम लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से इस घटना में शामिल सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और खनन माफियाओं पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Search

Archives