हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम लोखंडी स्थित नैया तालाब में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने तालाब के पानी में एक युवक का शव तैरता हुआ देखा। इसकी सूचना तत्काल सकरी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। शव की पहचान गांव के ही 27 वर्षीय प्रकाश केंवट पिता छेदीलाल केंवट के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि प्रकाश मजदूरी का कार्य करता था। वह गुरूवार को काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। दो दिन बाद शनिवार को सुबह उसका शव तालाब में मिलने से परिवार और गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पीएम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। इधर मृतक के परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए किसी अनहोनी की आशंका जताई है।
उनका कहना है कि काम पर निकले प्रकाश की ऐसी अचानक तालाब में लाश मिलना कई सवालों को जन्म दे रहा है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है। सकरी पुलिस फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। दुर्घटनावश डूबने, आत्महत्या और हत्या सहित सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट, घटनास्थल पर मिले साक्ष्य और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।







