बलरामपुर-रामानुजगंज । छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने का मामला सामने आया है। शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम धारानगर में चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, कोरंधा निवासी श्रीकांत सिंह 21 मार्च को अपनी बाइक से करीब 8 किलोमीटर दूर धारानगर गांव पहुंचा था। आरोप है कि उसने किसान परशु मिंज के घर में घुसकर सरसों से भरी एक छोटी बोरी और 300 रुपए नगद चोरी कर ली। उस समय घर के लोग महुआ बीनने गए हुए थे।
बताया जा रहा है कि श्रीकांत ने खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया और चोरी कर वापस लौट रहा था, तभी ग्रामीणों को उस पर शक हुआ। लोगों ने उसे रोककर पूछताछ की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर भीड़ उग्र हो गई।
इसके बाद ग्रामीणों ने युवक को सड़क पर ही पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि पाइप के टुकड़े से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, उसके कपड़े फाड़ दिए गए और सिर के बाल आधे काट दिए गए। मारपीट के दौरान युवक ने चोरी की बात कबूल कर ली।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले में तीन ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर भीड़ हिंसा और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







