जगदलपुर। जगदलपुर के सेंट्रल जेल में बंद एक कैदी जेल की दीवार फांदकर भाग गया है। जेल प्रशासन और पुलिस कैदी की तलाश में है। जेल समेत आस-पास में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।
बस्तर एसपी शलभ सिन्हा ने कैदी के भागे जाने की पुष्टि की है। दरअसल, मामला बुधवार की देर शाम का है। फिलहाल कैदी का नाम और वह किस जुर्म में जेल में था इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।
दीवार फांदकर भागा कैदी
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कैदी ने सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाते हुए जेल परिसर की दीवार पार कर फरार होने में सफलता हासिल की। घटना उस समय हुई जब जेल में नियमित गतिविधियां चल रही थीं। सुरक्षा में चूक कैसे हुई, यह जांच का विषय बना हुआ है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
घटना सामने आते ही पुलिस और जेल प्रशासन अलर्ट मोड में आ गए। बस्तर एसपी शलभ सिन्हा के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन कर फरार कैदी की तलाश शुरू कर दी गई है। जेल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे है, ताकि कैदी के भागने के पूरे घटनाक्रम और उसके संभावित रूट का पता लगाया जा सके।
साथ ही, आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सभी थानों को अलर्ट पर रखा गया है और मुख्य मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि फरार कैदी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।







