जांजगीर। सक्ती जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम करही में हुए गोलीकांड को 16 दिन से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। मामले में जांच जारी है, लेकिन ठोस सुराग नहीं मिलने से पीड़ित परिवार परेशान है। आयुष कश्यप की मां, पिता और बहन ने बिलासपुर आईजी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इससे पहले कश्यप समाज के लोगों ने जांजगीर एएसपी को भी ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में अलग-अलग राज्यों में दबिश दे चुकी हैं। मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, कई संदिग्धों से पूछताछ भी हुई, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। गौरतलब है कि 24 अप्रैल की रात करीब 12 बजे तीन नकाबपोश बदमाशों ने सीमेंट-रेत व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसकर फायरिंग की थी। इस हमले में उनके बड़े बेटे आयुष कश्यप की मौत हो गई, जबकि छोटा बेटा आशुतोष गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिवार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।







