झाड़ियों के बीच मिला शव, गिरफ्तार
गौरेला- पेंड्रा -मरवाही। जिले के गौरेला थाना क्षेत्र स्थित अंजनी गांव में अवैध संबंध को लेकर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पति ने अपनी पत्नी को आपत्तिजनक स्थिति मंे देखा तो उसने खुद पर नियंत्रण खो दिया। पत्नी का चाकू से गला रेत दिया और फिर वारदात को छिपाने के लिए शव को झाड़ियों के बीच फेंक दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतिका की शिनाख्त लक्ष्मी कुमारी निवासी रूपौली जिला पूर्णिया बिहार के रूप में हुई है। आरोपी सुमित कुमार यादव 32 वर्ष भी रूपौली बिहार का रहने वाला है। घटना का खुलासा तब हुआ जब जेपी एग्रोटेक में काम करने वाले स्थानीय मजदूरों ने अंजनी गांव के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का रक्तरंजित शव देखा। सूचना पर गौरेला पुलिस और फारेेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के मार्गदर्शन में जांच दल गठित किया गया। शव का पंचनामा कर शिनाख्त की गई।
आधी रात को रंगे हाथों पकड़ा
पुलिस जांच में सामने आया कि 9 सितंबर की देर रात करीब 2 बजे आरोपी सुमित कुमार यादव की नींद खुल गई। उसने पत्नी लक्ष्मी को बिस्तर पर नहीं पाया। जब वह कमरे से बाहर निकला और खोजबीन की तो उसने अपनी पत्नी को एक परिचित व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा। सुमित को देखते ही वह भाग निकला। सुमित ने उसे पकड़ने के लिए दौड़ाया, लेकिन अंधेरा होने का लाभ उठाकर वह भाग निकला। इस बीच पति पत्नी में झगड़ा भी हुआ। गुस्से में सुमित ने पास रखे धारदार चाकू से लक्ष्मी का गला रेत दिया। लक्ष्मी की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी सुमित ने शव को पास की झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस का ध्यान भटकाने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने मिले साक्ष्यों और फारेंसिक जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी को सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है।







