घर में मिली तीन लाशें
जांजगीर-चांपा। जिले के चौकी नैला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरकोनी में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ही घर में पिता और उसके दो मासूम बच्चों के शव मिलने की खबर सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने कीटनाशक जहर सेवन कर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रमेश कुमार पटेल के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले रमेश का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद उसकी पत्नी अपने मायके चली गई थी। परिवार के अनुसार 16 जून को रमेश अपनी पत्नी को वापस घर लाने के लिए ससुराल गया था, लेकिन पत्नी ने वापस आने से इंकार कर दिया। इसके बाद वह अकेला ही अपने घर लौट आया था। बुधवार सुबह मृतक का पिता परदेसी राम पटेल धान कुटवाने के लिए ग्राम कटनाई गया था। इसी दौरान करीब 11.30 बजे उसे सूचना मिली कि उसका बेटा और दोनों नाती घर में अचेत अवस्था में पड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही वह घर पहुंचा, जहां रमेश कुमार पटेल और उसके दोनों बच्चों के शव मिले। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मौके को सुरक्षित किया और जांच शुरू की।
सीएसपी जांजगीर योगिता बाली खापर्डे स्वयं घटनास्थल पर पहुंची और अधिकारियों के साथ पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए पुलिस टीम को हर एंगल से जांच करने के निर्देश दिए। मौके पर फारेंसिक टीम और डॉग स्कवायड को भी बुलाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। एक पिता द्वारा अपने ही बच्चों के साथ ऐसा कदम उठाए जाने से पूरे गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों में इस हृदयविदारक घटना को लेकर तरह तरह की चर्चाएं हो रही है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।







