बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना अंतर्गत मल्हार चौकी क्षेत्र में युवती की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान राजू लहरिया 33 वर्ष पिता चंदन लहरिया निवासी ग्राम धनगंवा मल्हार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार 26 फरवरी से 27 फरवरी की सुबह 7 बजे के बीच युवती ने आरोपी के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी राजू लहरिया पिछले तीन वर्ष से युवती का शारीरिक शोषण कर रहा था। जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने विवाह से साफ इंकार कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना के दिन युवती आरोपी के घर धरगंवा में उसके कमरे में मौजूद थी। जहां उसने रोशनदान में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी को बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसके पास वह मोबाईल फोन भी जप्त किया गया,ख् जिससे वह युवती से बातचीत करता था। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले की आगे जांच जारी है।







