बिलासपुर। जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह करंट की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना ग्राम हरदीकला की है, जहां घर के किचन के शेड में करंट प्रवाहित होने से सीढ़ी में भी करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में महिला आ गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम हरदीकला निवासी आशा देवी रजक 40 वर्ष पति संजय रजक सोमवार सुबह करीब 5.30 बजे नींद से उठने के बाद चाय बनाने के लिए किचन की ओर गई थी। इसी दौरान किचन के पास सीढ़ी में किसी कारणवश करंट प्रवाहित हो रहा था। जिसके संपर्क में आते ही जोरदार झटका लगा और आशा मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना डायल 112 को दी, जिसके बाद तत्काल मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने उन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि घर की विद्युत वायरिंग में खराबी या वायरिंग लीकेज के कारण शेड में करंट प्रवाहित हो रही थी। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है।
दो बच्चों सहित मां की हुई मौत
एक दिन पहले ही दो मासूम बच्चों सहित मां की मौत करंट की चपेट में आकर हो गई। घटना खेत में करंट उतर आने की वजह से हुई। पति पेशे से वाहन चालक है, जो घटना के समय बाहर गया हुआ था। घटना की सूचना पर वाहन चालक जब लौटा तो उसका परिवार उजड़ चुका था।







