रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा पुलिस ने किया है। मृतक की पत्नी और बेटी सहित एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है। मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। मामूली कहासुनी ने हत्या का रूप ले लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 29 सितंबर को वीरेन्द्र भारती गोस्वामी की संदिग्ध मौत की सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर 17 गंभीर चोटें पाई गई, जिससे हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ाया। पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन संदीप पटेल के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के पर्यवेक्षण एवं एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच की गई। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पत्नी दीपा भारती गोस्वामी 44 वर्ष, पुत्री तनिया भारती गोस्वामी 19 वर्ष एवं नाबालिग से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 27 सितंबर की रात मोबाइल देखने को लेकर घर में विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर उन्होंने बैट और ईट से सिर पर वार कर दिया, जिससे मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए खून साफ किया और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार व कपड़ों को पास के नाले में फेंक दिया। साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों को गुमराज करने के लिए बाथरूम में गिरकर बेहोश होने की कहानी बनाई गई। थाना डीडी नगर में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 252/2026 के तहत धारा 103(1), 238, 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।







