बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत राजेन्द्र नगर में एक घर से सोने के कंगन और नगदी चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी प्रशांत कुमार मिश्रा निवासी राजेन्द्र नगर ने थाना सिविल लाइन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होने बताया कि उनकी माता चैन मिश्रा द्वारा वर्ष 2025 में 4 नग सोने के कंगन लगभग 40 ग्राम और एक लाख रूपए नगद आलमारी में रखे गए थे। इनकी कुल कीमत करीब 5 लाख रूपए बताई गई है। प्रार्थी के अनुसार 10 अप्रैल 2026 को एक शादी समारोह में शामिल होने के दौरान जब उन्होंने सामान देखा तो कंगन और नगदी गायब मिले। प्रारंभ में परिवारजनों ने घर में ही कहीं रखे होने की आशंका में तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी दौरान प्रार्थी की मुलाकात युवराज साहू से हुई, जिसने कथित रूप से बताया कि चोरी की घटना में कृष्णा शुक्ला, दीपक पटेल और राकी नामक युवक शामिल हैं। आरोप है कि लोग रात के समय घर की सीढ़ियों के रास्ते अंदर घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 111, 305 और 331 (4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।







