सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब प्लांट के भीतर बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो, जबकि 9 लोगों की मौत हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ, जब प्लांट में नियमित कार्य चल रहा था। अचानक हुए विस्फोट से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे पर सीएम साय ने जताया दुख : सक्ती के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट की दुर्घटना पर मुख्यमंत्री ने गहरी संवेदना व्यक्त की और शोकाकुल परिजनों के साथ अपनी संवेदनाएं जताईं। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेज करने, घायलों के बेहतर उपचार और घटना की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सक्ती जिले में सिंघीतराई स्थित 'वेदांता पावर प्लांट' में बॉयलर फटने से हुई भीषण दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है।
इस दुर्घटना में कुछ श्रमिकों के निधन और घायल होने का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। मेरी गहरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से…
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) April 14, 2026
वेदांता प्लांट ब्लास्ट पर भूपेश बघेल ने की उचित मुआवजा की मांग : छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सक्ती के वेदांता पावर प्लांट में हुए बॉयलर ब्लास्ट हादसे को पीड़ादायक बताते हुए सोशल मीडिया पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि हादसे में कई मजदूरों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हुए हैं, साथ ही शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और सभी घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने की अपील की।
सक्ती स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुई बॉयलर ब्लास्ट की सूचना अत्यंत पीड़ादायक है.
प्राप्त जानकारी अनुसार इस भीषण हादसे में अब तक 4 मजदूरों की अकस्मात मौत तथा दर्जनों मजदूरों के बुरी तरह घायल होने की खबर है.
ईश्वर दिवंगत जनों को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें.…
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) April 14, 2026
मृतकों के परिजनों को मिलेगा मुआवजा : वेदांता थर्मल पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट हादसे के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने तत्काल जांच के निर्देश दिए और दोषियों पर श्रम कानून के तहत कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी। मंत्री ने घायल मजदूरों के बेहतर इलाज और मृतकों के परिजनों को निर्धारित मुआवजा देने का आश्वासन दिया। उन्होंने विशेष जांच टीम गठित कर प्लांट प्रबंधन, ठेकेदार और सुरक्षा मानकों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
जानें हादसे पर वेदांता पावर प्लांट ने क्या कहा : सिंगहीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में आज बॉयलर यूनिट में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि सब-कॉन्ट्रैक्टर एनजीएसएल के कर्मचारी प्रभावित हुए हैं और घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सहायता तथा पूरा सहयोग दिया जा रहा है। प्रवक्ता ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय में काम किया जा रहा है। कंपनी ने प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज : विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। इससे आसपास के ग्रामीण भी दहशत में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंच गए। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज लगातार जारी है और कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।







