Home » वेदांता पावर प्लांट में बड़ा हादसा, बॉयलर फटने से 3 मजदूरों की मौत, दो दर्जन से ज्यादा झुलसे
छत्तीसगढ़

वेदांता पावर प्लांट में बड़ा हादसा, बॉयलर फटने से 3 मजदूरों की मौत, दो दर्जन से ज्यादा झुलसे

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है। डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में सोमवार को अचानक बॉयलर फटने से भीषण हादसा हो गया। इस धमाके की चपेट में आने से 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि दो दर्जन से ज्यादा कामगार गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

प्लांट में मची अफरा-तफरी

दरअसल, हादसा इतना भीषण था कि धमाके की आवाज दूर-तक सुनाई दी। बॉयलर फटने के बाद प्लांट परिसर में चीख-पुकार मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूत्रों ने बताया कि उस वक्त कई मजदूर वहां ड्यूटी पर तैनात थे। घायलों को आनन-फानन में एम्बुलेंस के जरिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई मजदूरों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।

मौके पर पहुंचे बड़े अधिकारी

गौरतलब है कि घटना की सूचना मिलते ही सक्ती जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी दलबल के साथ सिंघीतराई के लिए रवाना हो गए हैं। सूत्रों के अनुसार प्लांट के अंदर राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। मलबे में अभी कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मृतकों की संख्या बढ़ने का अंदेशा है, क्योंकि घायलों में 5-6 मजदूरों की स्थिति क्रिटिकल बताई जा रही है।

Search

Archives