कोरबा। लगातार बारिश के बाद कोरबा जिले के कई इलाके जलमग्न हो चुके हैं, जहां अभी भी पानी भरा हुआ है। कुछ इलाकों में 3 फीट से ज्यादा पानी भर गया था। मंगलवार को क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के लिए प्रदेश के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल बालको के शांतिनगर और परसाभाठा इलाकों में पहुंचे। जल जमाव की समस्या को लेकर कुछ दिन पहले भाजपा की महापौर संजूदेवी राजपूत ने भी चक्का जाम कर दिया था। वह धरने पर बैठ गयी थी।
मंगलवार को कांग्रेस शासनकाल में मंत्री रहे जयसिंह अग्रवाल जलजमाव वाले इलाकों में पहुंचे। गालियों के संकरा होने के कारण उनकी कार निचली बस्तियों तक नहीं जा पा रही थी, जिसके बाद पूर्व मंत्री बाइक पर सवार हुए और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे, जहां उन्होंने लोगों के घरों तक पहुंचकर जल जमाव की स्थिति को देखा। पूर्व मंत्री ने कहा कि समस्या को दूर करना बालको प्रबंधन और नगर निगम की जिम्मेदारी है, यदि जल्द लोगों की समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो हम एक बड़ा आंदोलन खड़ा करेंगे।
बालको क्षेत्र के शांतिनगर और परसाभाठा पहुंचे जयसिंह अग्रवाल ने कहा “हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खड़गे का छत्तीसगढ़ प्रवास हुआ था। रायपुर में इसके लिए मुझे प्रभारी बनाया गया था, इसके कारण मैं 3,4 दिन बाद लौटा तब मुझे पता चला कि क्षेत्र के लोग बाढ़ से काफी परेशान हैं। लोगों से बातचीत करने पर पता चला कि लोगों के घरों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया है। जिसकी सफाई तक नहीं की जा रही है। आने वाले समय में बीमारी भी फैलेगी। सड़क, नाली, पानी और साफ सफाई यह नगर निगम का दायित्व है।







