कबीरधाम। ध्वनि प्रदूषण व यातायात नियमों का उल्लंघन कर आम जनजीवन को परेशान करने वालों के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
शुक्रवार शाम को कबीरधाम जिला मुख्यालय कवर्धा में दोपहिया वाहनों में लगे अवैध 27 मोडिफाइड बुलेट साइलेंसरों को बुलडोजर चलाकर सार्वजनिक रूप से नष्ट किया गया। यातायात प्रभारी एसआई अजयकांत तिवारी ने बताया कि इन मोडिफाइड साइलेंसरों का प्रयोग कर कुछ शरारती तत्व जानबूझकर तेज आवाज करके आम नागरिकों विशेषकर बुजुर्ग, विद्यार्थियों, मरीजों और महिलाओं को परेशान कर रहे थे। ये साइलेंसर न केवल कानून का उल्लंघन करते हैं बल्कि ध्वनि प्रदूषण के बड़े स्रोत भी हैं।







