अंबिकापुर। अंबिकापुर शहर के मनेंद्रगढ़ मार्ग स्थित होंडा शो-रूम के पीछे स्थित सुभाषनगर निवासी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसकी लाश शहर से लगे चठिरमा जंगल में कार के भीतर मिली। पुलिस ने संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने युवक को गोली मारने की बात स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर ही पुलिस को युवक का शव जंगल से बरामद करने में सफलता मिली है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है, लेकिन वह अलग तरह का बयान दे रहा है।
शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनेंद्रगढ़ मार्ग स्थित होंडा शो-रूम के पीछे स्थित सुभाषनगर निवासी अक्षत अग्रवाल उम्र करीब 25 वर्ष मंगलवार की शाम अपनी कार से घूमने जाने की बात कहकर निकला था। वह रात 9 बजे तक घर नहीं लौटा तो परिजन उसे खोजने निकले, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसकी रिपोर्ट उन्होंने गांधीनगर थाने में दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने भी उसकी खोजबीन शुरु कर दी।
अलसुबह पुलिस ने संदिग्ध को घर से उठाया
पुलिस ने संदेह के आधार पर भानू बंगाली नामक एक युवक बुधवार की सुबह उसके घर से उठाया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अक्षत अग्रवाल का शव को चठिरमा जंगल स्थित कार के भीतर से बरामद किया। युवक ने हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
एसपी, सीएसपी भी पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही बुधवार की सुबह 8 बजे सरगुजा एसपी योगेश पटेल, सीएसपी के अलावा गांधीनगर टीआई प्रदीप जायवाल, फॉरेंसिक एक्सपर्ट कुलदीप कुजूर व डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि युवक के पास से 500-500 के करीब 100 नोट व ज्वेलरी मिले हैं। इसे लेकर भी पुलिस पूछताछ कर रही है।







