Home » युवती से झपटमारी करने वाला आरोपी गिरफ्तार… मोबाइल, नगदी सहित स्कूटी बरामद
छत्तीसगढ़

युवती से झपटमारी करने वाला आरोपी गिरफ्तार… मोबाइल, नगदी सहित स्कूटी बरामद

बिलासपुर। सिटी कोतवाली पुलिस ने युवती से झपटमारी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल, नगदी, पर्स तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद कर ली गई है।

मिली जानकारी के अनुसार 23 फरवरी को प्रार्थिया अपनी स्कूटी से शिव टाकीज चौक स्थित होटल जीत कांटिनेंटल में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। इसी दौरान होटल के सामने पीछे से काले रंग की स्कूटी पर सवार एक युवक ने झपट्टा मारकर उसका पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गया। पर्स में वीवो वाई 53 मोबाइल, 4500 रूपए नगद तथा आलमारी की चाबी रखी हुई थी। घटना की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 142/26 धारा 304 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू एवं थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध के हुलिए के आधार पर लगातार तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने टिकरापारा निवासी 20 वर्षीय सौरभ पासी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी गया पर्स, मोबाइल, नगदी तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी सीजी 10 एपी 2103 जप्त कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Search

Archives